संजय कुमार का कॉलम:आज होने वाले मतदान में इन सीटों पर रहेगी नजर

2 weeks ago 23
  • Hindi News
  • Opinion
  • Sanjay Kumar's Column These Seats Will Be In Focus In Today's Voting
संजय कुमार, प्रोफेसर व राजनीतिक टिप्पणीकार - Dainik Bhaskar

संजय कुमार, प्रोफेसर व राजनीतिक टिप्पणीकार

आज जब लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में 14 राज्यों की 88 सीटों पर वोटिंग होगी तो यह सवाल बेमानी है कि चुनाव में कौन-सा मुद्दा हावी रहेगा। पिछले कुछ महीनों में हमने देखा है कि कैसे मुद्दे सप्ताह-दर-सप्ताह या कभी-कभी दिन-ब-दिन भी बदलते रहे हैं- राम मंदिर से भ्रष्टाचार और वंशवाद तक। ताजा मुद्दा धन के वितरण का है।

भाजपा ने कांग्रेस के धन-वितरण के वादे को ट्विस्ट देकर एक मुद्दा बनाने की कोशिश की है कि कैसे कांग्रेस लोगों की मेहनत की कमाई को उनसे लेकर मुसलमानों को देने की योजना बना रही है। चुनाव काफी हद तक नैरेटिव के बारे में होते हैं। मतदाता बमुश्किल ही कभी तथ्यों की जांच करते हैं, लेकिन वे नैरेटिव से जरूर प्रभावित होते हैं। सही हो या गलत, यह सब दलों द्वारा अपने राजनीतिक लाभ को बढ़ाने के लिए किया जाता है।

जहां सभी दलों का लक्ष्य आज होने वाले मतदान में अधिक से अधिक सीटें जीतने का होगा, वहीं कांग्रेस के लिए बहुत कुछ दांव पर है। 2019 के चुनाव में कांग्रेस द्वारा जीती गई 52 सीटों में से 15 ऐसी थीं, जिन पर आज मतदान हो रहा है।

केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर आज मतदान होगा, जिनमें कांग्रेस ने वो 15 सीटें जीती थीं। इन्हीं में वायनाड भी है, जहां से राहुल गांधी सांसद चुने गए हैं। राहुल का मुकाबला सीपीआई नेता डी. राजा की पत्नी एनी राजा से है।

अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। मिसाल के तौर पर, तिरुवनंतपुरम उन निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है, जहां कांग्रेस नेता शशि थरूर का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर से है। एलडीएफ ने यहां से सीपीआई के पन्नयन रवींद्रन को मैदान में उतारा है।

शशि थरूर से पहले वे ही 2005 से 2009 तक तिरुवनंतपुरम के सांसद रहे थे। कुछ अन्य निर्वाचन क्षेत्र भी हैं, जहां भाजपा अपना प्रभाव डालने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। लेकिन केरल में दिलचस्पी काफी हद तक इस बात को लेकर है कि क्या भाजपा 2024 में भी यहां अपना खाता खोल पाएगी या नहीं।

अगर कांग्रेस का लक्ष्य इन चुनावों में भाजपा को चुनौती देना है तो उसके लिए केरल की हर सीट मायने रखती है। उसके लिए असम, बिहार, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में जीती गई इकलौती सीटों को बरकरार रखना भी बहुत महत्वपूर्ण होगा, जहां दूसरे चरण का मतदान होगा।

सवाल यह है कि क्या कांग्रेस दूसरे दौर के मतदान में भाजपा को चुनौती दे पाएगी, क्योंकि भाजपा ने सीधे तौर पर कांग्रेस पर हमला बोला है और कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित धन के वितरण को प्रमुख मुद्दा बनाया है?

दूसरे चरण के मतदान में, भाजपा भी 2019 में जीती गई अपनी 52 सीटों का बचाव कर रही है। राजस्थान में आज जिन 13 सीटों पर मतदान हो रहा है, उन सभी पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। भाजपा कर्नाटक में भी अपनी 11 सीटों का बचाव करेगी, जहां 14 सीटों के लिए मतदान होगा।

यूपी की 8 सीटों के मतदाता आज वोट डालेंगे। ये सभी सीटें भाजपा के कब्जे में हैं। यदि भाजपा का लक्ष्य 2019 के अपने चुनावी प्रदर्शन में सुधार करना या कम से कम उसे दोहराना है तो उसे इन सीटों पर कब्जा बनाए रखना होगा।

आज पश्चिम बंगाल की केवल तीन ही सीटों पर मतदान हो रहा है, लेकिन इन तीनों पर भाजपा का कब्जा है। निश्चित रूप से वह इन तीन सीटों- रायगंज, दार्जीलिंग और बालुरघाट पर प्रतिष्ठा की लड़ाई लड़ रही है।

मध्यप्रदेश में सात लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा और इन सब पर भी भाजपा का कब्जा है। भाजपा असम में अपनी चार लोकसभा सीटों का बचाव भी करेगी, वहीं उसे महाराष्ट्र में महाराष्ट्र विकास अघाड़ी से चुनौती मिलने की संभावना है।

आज होने वाले मतदान में जिन सीटों पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है, उनमें बिहार का पूर्णिया शामिल है। यहां जदयू के मौजूदा सांसद संतोष कुशवाहा, राजद की बीमा भारती और निर्दलीय पप्पू यादव मुख्य उम्मीदवार हैं।

पप्पू यादव हाल ही में इंडिया गठबंधन से टिकट की उम्मीद में कांग्रेस में शामिल हुए थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण वे निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस उम्मीदवार हैं, जो पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

उनका मुकाबला मौजूदा भाजपा सांसद संतोष पांडे से है, जो इस क्षेत्र में भाजपा का कट्टर हिंदुत्ववादी चेहरा हैं। यूपी में मथुरा और मेरठ पर भी नजर रहेगी, जहां से भाजपा ने हेमा मालिनी और अरुण गोविल को मैदान में उतारा है।

2019 के चुनाव में कांग्रेस द्वारा जीती गई 52 सीटों में से 15 ऐसी थीं, जिन पर आज मतदान हो रहा है। केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर आज मतदान होगा, जिनमें कांग्रेस ने वो 15 सीटें जीती थीं। इन्हीं में वायनाड भी है।
(ये लेखक के अपने विचार हैं)

Read Entire Article